नोएडा में महिला समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत, सड़क हादसे और संदिग्ध घटनाओं से सनसनी

Kittu Kumari5 August 20262 min read36 viewsNCR
नोएडा में महिला समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत, सड़क हादसे और संदिग्ध घटनाओं से सनसनी

नोएडा और गौतमबुद्ध नगर जिले में अलग-अलग घटनाओं के दौरान एक महिला समेत सात लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। इन सभी मामलों में पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। दनकौर क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई, जबकि सड़क हादसों और अन्य घटनाओं में छह अन्य लोगों ने अपनी जान गंवा दी।

संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी महिला की मौत

थाना दनकौर क्षेत्र के जमाईपुरा गांव की रहने वाली 32 वर्षीय हिना पत्नी रहीसुद्दीन कुछ दिन पहले अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थीं। अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मृतका के परिजनों की शिकायत मिलने पर उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चलती बाइक से गिरे युवक की मौत

थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी के पास बदायूं के रहने वाले 19 वर्षीय सोमेश सागर मंगलवार शाम को बाइक से जा रहे थे और अचानक चलती बाइक से नीचे गिर पड़े। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक को चलती बाइक पर हार्ट अटैक आया होगा, हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

विभिन्न सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत

पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी के अनुसार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की जान चली गई है। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के हादसे में करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना बादलपुर क्षेत्र में कासगंज निवासी 20 वर्षीय नरेश, थाना जारचा क्षेत्र में हापुड़ निवासी 40 वर्षीय अंकुर कुमार और थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में मुजफ्फरनगर निवासी 42 वर्षीय शाहनवाज की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक अन्य सड़क हादसे में रविंद्र सिंह के 25 वर्षीय बेटे ललित कुमार की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है

Share:

Comments

Leave a comment