Noida News: रबूपुरा में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग करने वाला बदमाश घायल और साथी गिरफ्तार

नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है, जबकि उसके साथी को कांबिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह घटना 15/16 अगस्त की रात कार्गो टी-प्वाइंट पर हुई है।
चेकिंग के दौरान भागा बदमाश और पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, कार्गो टी-प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे और इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल और साथी गिरफ्तार
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बंटी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज, निवासी मुरादगढ़ी, थाना रबूपुरा, गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस ने कांबिंग के दौरान उसके साथी बबलू पुत्र भोजराज को भी गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से भी .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
चोरी की बाइक और अन्य खुलासे
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की है। यह मोटरसाइकिल गुरुग्राम, हरियाणा के थाना सुशांत लोक ईस्ट जोन में दर्ज मुकदमा संख्या 51/2024 से संबंधित चोरी की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी थाना रबूपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 169/2026 में वांछित थे और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।