नोएडा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस की बाइक रैली, 180 कर्मियों ने दिया एकता का संदेश

‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से गुरुवार को तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार की मौजूदगी में आयोजित इस रैली में 90 दोपहिया वाहनों पर सवार 180 पुलिसकर्मियों ने तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस बाइक रैली में विभिन्न थानों से 90 महिला और 90 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल हुए, जिन्होंने नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैली का रूट और शुभारंभ
इस रैली का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइंस, सूरजपुर से किया। यहां से रैली सूरजपुर घंटा चौक और एलजी चौक होते हुए परी चौक पहुंची। इसके बाद यह रैली वापस रिजर्व पुलिस लाइंस, सूरजपुर पहुंचकर संपन्न हुई। सभी पुलिसकर्मियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए जागरूक किया।
रैली का उद्देश्य और अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस के अनुसार इस रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाने के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता पैदा करना था। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइंस डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइंस आरके गौतम, एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कहा गया कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के साथ नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निरंतर निर्वहन कर रही है।