Noida News: लिफ्ट देकर बंधक बनाने वाले 2 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, रुपये बरामद

नोएडा के ग्रेटर नोएडा थाना दनकौर क्षेत्र में सवारी को लिफ्ट देकर कार में बंधक बनाने और रुपये ऐंठने वाले बदमाशों के साथ शनिवार को पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, आई-20 कार और छीने गए 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के अनुसार, 15 अगस्त को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति के भाई को कार में सवारी के रूप में बैठाकर बंधक बना लिया गया है और डराकर उससे ऑनलाइन रुपये ले लिए गए हैं। सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस और पीआरवी ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि पीड़ित दनकौर क्षेत्र में एक निजी विश्वविद्यालय के पास आगरा जाने वाले टोल पर धौलपुर के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी कार सवार युवकों ने उसे बैठाकर रास्ते में ऑनलाइन रुपये ऐंठ लिए। पुलिस टीम ने आई-20 कार की पहचान कर उसका पीछा किया और अंडरपास के पास रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल बदमाशों की पहचान अभिनय पल्लव (24 वर्ष) निवासी जहानाबाद, बिहार और सत्यम सिंह (22 वर्ष) निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने कार में बंधक बनाए गए हेमेन्द्र (धौलपुर, राजस्थान) और नमन (कानपुर नगर) को सकुशल मुक्त करा लिया है।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से कार, अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।