नोएडा पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी ने किया कांवड़ यात्रा मार्ग और शिविरों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शनिवार को डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की जमीनी स्तर पर समीक्षा की।
शिवभक्तों से बातचीत और सुविधाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने कांवड़ यात्रा कर रहे शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और यात्रा के दौरान उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष जोर
कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीसीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए ब्रीफ किया गया। पुलिस अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।