नोएडा पुलिस ने पकड़ा साइबर फ्रॉड का बड़ा गैंग, फर्जी बैंक अकाउंट बेचने वाले 7 लोग गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने साइबर अपराधियों को फर्जी बैंक अकाउंट मुहैया कराने वाले एक बड़े गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खोलकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट और ट्रेडिंग इनवेस्टमेंट जैसे साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोहों को बेचता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 1 चेकबुक, 1 मुहर (stamp) और 4 लेटरहेड बरामद किए हैं।
- साइबर फ्रॉड के लिए फर्जी बैंक अकाउंट बेचने वाले 7 शातिर गिरफ्तार
- ग्रुप में एक महिला भी शामिल, फर्जी कंपनियों के नाम पर खुलवाते थे खाते
- आरोपियों के पास से मोबाइल, चेकबुक और लेटरहेड बरामद
- देशभर की 74 साइबर शिकायतों से जुड़े हैं इन खातों के तार
कैसे होती थी फर्जी खातों की तस्करी
सेंट्रल नोएडा के ADCP स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-3 पुलिस ने बीट पुलिसिंग और खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपियों के नाम अजब सिंह, प्रदीप, गुलाब सिंह लोधी, कौशल, सचिन, जिनेंद्र सिंह और प्रियंका हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि इस गैंग द्वारा संचालित बैंक खाते देशभर में दर्ज 74 साइबर शिकायतों से जुड़े हुए हैं।
WhatsApp और Telegram के जरिए करते थे डील
पुछताछ में आरोपियों ने अपने काले कारोबार का तरीका बताया कि वे फर्जी कंपनी के नाम से खाते खुलवाने के बाद WhatsApp और Telegram ग्रुप्स के जरिए साइबर क्रिमिनल्स से संपर्क करते थे। इसके बाद वे इन खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों का कंट्रोल अपने पास रखते थे और डिवाइस में एक स्पेशल APK फाइल इंस्टॉल कर देते थे। इस तकनीक की मदद से उन्हें बैंक के OTP और SMS मिल जाते थे, जिससे साइबर ठग इन compromised खातों से ठगी के पैसे आसानी से निकाल लेते थे।