नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: छात्रों को महंगे विदेशी ड्रग्स बेचने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख का माल बरामद

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक ऐसे बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है जो स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल के छात्रों को भारी कीमतों पर विदेशी नशीले पदार्थ सप्लाई करता था। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद किए हैं।
- ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में हुई बड़ी कार्रवाई
- स्कूल-कॉलेज और हॉस्टल के छात्रों को था ड्रग्स का टारगेट
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 15 लाख रुपये
कैसे हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
ग्रेटर नोएडा के ADCP संतोष कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से गुरुवार को क्राउन एक्सपो से एक्सपोमार्ट को जोड़ने वाले पुल के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने इमरान, दीपक कुमार, शिवम कुमार और बॉबी नाम के चार शातिर आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
भारी मात्रा में बरामद हुए विदेशी ड्रग्स
पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के पास से भारी मात्रा में खतरनाक नशीला सामान जब्त किया है। इनमें 1.05 किलोग्राम शिलोंग गांजा, 70 ग्राम शैंपेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड), 144 एमडीएमए (एक्स्टसी) की गोलियां और 63 ग्राम चरस शामिल है। इसके अलावा अवैध धंधे में इस्तेमाल होने वाली एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन भी जब्त की गई है।