नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक से मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो गिरफ्तार, गांजा तस्कर भी धरे गए

Kittu Kumari18 August 20263 min read60 viewsNCR
नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक से मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो गिरफ्तार, गांजा तस्कर भी धरे गए

नोएडा में अपराध के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। हाल ही में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल स्नैचिंग करने वाले, वाहन चोरी करने वाले और अवैध गांजा बेचने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नकदी, अवैध चाकू और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इन मामलों में शामिल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फेमस थाना फेस-1 और सेक्टर-126 पुलिस की कार्रवाई


थाना फेस-1 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्नैच किए गए तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से नीरज पुत्र दर्शन और मोनू पुत्र ओमबीर को सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच बने पुल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले रेकी कर दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और फिर चोरी की मोटरसाइकिल से मोबाइल फोन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। बरामद मोटरसाइकिल करीब सात महीने पहले दिल्ली के मंगोलपुरी से चोरी की गई थी। आरोपियों ने करीब एक माह पहले सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन के पास से मोबाइल फोन स्नैच करने और उसे दिल्ली की गाजीपुर मंडी के पास राह चलते व्यक्ति को तीन हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। करीब 20 दिन पहले भी इसी स्थान से रेडमी-10 मोबाइल फोन स्नैच करने की बात सामने आई है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में थाना सेक्टर-126 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में अंशु कुमार पुत्र अशोक कुमार को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सोमनेश कुमार सिंह के अनुसार, 17/18 अगस्त की रात लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से आरोपी को गढ़ी शाहपुर कट से पुश्ता रोड जाने वाले रास्ते से पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसे उसने मैक्स अस्पताल, सेक्टर-128 नोएडा की पार्किंग से चोरी किया था। इस मामले में थाना सेक्टर-126 में मुकदमा दर्ज है।

अवैध गांजा तस्करी में बाल अपचारी और अन्य आरोपी गिरफ्तार


नोएडा में अवैध गांजा बेचने के मामलों में भी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा है। थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने एक बाल अपचारी को अवैध रूप से गांजा बेचते हुए सेक्टर-14 के गंदे नाले के पास से पकड़ा है। उसके पास से पुलिस ने 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह आरोपी नूरी गैंग के लिए काम करता है। इसके अलावा, थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने सतीश पुत्र नरेश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसकी गिरफ्तारी सेक्टर 71 के पास से हुई है और पूछताछ में पता चला है कि यह काफी दिनों से अवैध रूप से गांजा बेचने के धंधे में संलिप्त था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment