नोएडा: बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाले शातिर गैंग के 3 सदस्य गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने सेक्टर-50 के अपार्टमेंट में चोरी करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। 400 CCTV कैमरों की मदद से पकड़ा गया गैंग।

नोएडा की पुलिस ने उन चोरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है जो शहर के पॉश इलाकों में बंद पड़े फ्लैटों को अपना निशाना बना रहे थे। सेक्टर-49 पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने सेक्टर-50 स्थित 'द क्रिसेंट अपार्टमेंट' में कई चोरियां की थीं। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के रहने वाले तीन आरोपियों को धर दबोचा है।
यह पूरी कार्रवाई एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ADCP) अभय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चलाई गई। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। चोर पहले पड़ोसियों के दरवाजों को बाहर से लॉक कर देते थे ताकि किसी को पता न चले, और फिर चुपके से टारगेट किए गए खाली फ्लैटों के ताले तोड़कर अंदर घुस जाते थे। इस गैंग ने अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर B-502 और B-402 को निशाना बनाया था।
400 CCTV कैमरों और 4 हजार नंबरों ने खोला राज
इस गैंग तक पहुँचने के लिए पुलिस ने कड़ी मशक्कत की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे करीब 400 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही करीब 4,000 मोबाइल नंबरों की डिटेल जांची गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुँचने में सफल रही। पुलिस ने इन आरोपियों के बैंक खातों में रखे 5 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में माल बरामद किया है। इसमें करीब 30 लाख रुपये की कीमत के सोने और चांदी के गहने, 1 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर गाड़ी बरामद हुई है। इसके अलावा पुलिस को दो फर्जी नंबर प्लेट और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले हैं।