नोएडा में पप्पू यादव का पुतला फूंका, संसद परिसर में कथित धार्मिक नाट्य के विरोध में विहिอป का प्रदर्शन

नोएडा महानगर में संसद भवन परिसर की घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव का पुतला फूंका और अपना विरोध दर्ज कराया।
नोएडा के सेक्टर-22 में प्रदर्शन
संसद भवन परिसर में विपक्ष द्वारा सनातन संस्कृति, साधु-संतों एवं पुजारियों के प्रति कथित अपमानजनक नाट्य किए जाने के विरोध में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नोएडा महानगर ने सेक्टर-22 स्थित चौड़ा मोड़ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव का पुतला फूंककर विरोध जताया।
'जय श्री राम' के नारे और विरोध के कारण
प्रदर्शन के दौरान चौड़ा मोड़ 'जय श्री राम' और अन्य नारों से गूंज उठा। विहिप के अनुसार, आंदोलन में हिंदू समाज, मातृशक्ति तथा साधु-संतों ने भी भाग लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संसद जैसे लोकतांत्रिक संस्थान में धार्मिक प्रतीकों और संतों का स्वांग रचकर उनका उपहास उड़ाना सनातन आस्था पर आघात है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। विहिप के जिला पदाधिकारियों ने कहा कि भगवा वस्त्र पहनकर और धार्मिक प्रतीकों का कथित रूप से उपहास उड़ाना करोड़ों सनातन अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं और संत समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं सनातन परंपरा को निशाना बनाने का प्रयास हैं।
जिलाध्यक्ष और प्रमुख उपस्थित लोगों के बयान
जिलाध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि देश की संस्कृति और संत समाज का कथित अपमान अत्यंत दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ऐसे कृत्यों का लगातार विरोध करती रही है और हिंदू समाज इस प्रकार की गतिविधियों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन बजरंग दल के नेतृत्व में तथा नोएडा महानगर संयोजक विनोद चौहान के संयोजन में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में सेक्टर-147 स्थित गौशाला के संरक्षक राममंगलदास जी महाराज, विहिप जिलाध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, जिला मंत्री दिनेश महावर, संयोजक विनोद चौहान, सह मंत्री राजीव शर्मा, सह-संयोजक विनोद सिंह, नितेश शर्मा, प्रवीण, धर्म प्रसार प्रमुख नरेंद्र शर्मा तथा जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख नितिन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।