Noida News: कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का डीसीपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

नोएडा में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एसीपी-2 कमलेश कांत के साथ थाना बादलपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग और कांवड़ शिविरों (पंडालों) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
सुरक्षा और सुविधाओं का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सहायता जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा है सर्वोच्च प्राथमिकता
डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिसकर्मियों को दिए गए सतर्कता के निर्देश
निरीक्षण के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया गया। उन्हें निर्देश दिए गए कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।