नोएडा में कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम, 11 अगस्त को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए खास प्रबंध

Kittu Kumari7 August 20262 min read28 viewsNCR
नोएडा में कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम, 11 अगस्त को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए खास प्रबंध

नोएडा में जिला प्रशासन गौतमबुद्धनगर ने श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निकाय, विद्युत, वन, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना के तहत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

- नोएडा में कांवड़ यात्रा के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।

- महाशिवरात्रि पर 11 अगस्त को जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

- प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता प्रबंध हैं।

प्रमुख शिवालयों में विशेष प्रबंध

महाशिवरात्रि के अवसर पर 11 अगस्त को होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए जिले के प्रमुख शिवालयों शिव मंदिर नानकेश्वर (ग्राम भाईपुर, जेवर), शिव मंदिर सेक्टर-2, सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-19 तथा शिव मंदिर सेक्टर-22 में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कांवड़ मार्गों पर पीआरवी वाहनों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। सीमावर्ती राज्यों एवं जनपदों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यातायात डायवर्जन प्लान, जोनवार एवं थानावार पुलिस प्रबंधन तथा प्रभावी संचार व्यवस्था लागू की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

कांवड़ शिविर और स्वास्थ्य सुविधाएं

कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। संबंधित अधिकारियों को शिविरों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पर्याप्त बेड, जीवनरक्षक दवाएं, एंटी स्नेक वेनम, एंबुलेंस, चिकित्सक, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

विद्युत, वन और लोक निर्माण विभाग की तैयारी

वन विभाग ने कांवड़ मार्गों पर झाड़ियों की सफाई और पेड़ों की लटकी शाखाओं की छंटाई कर मार्गों को सुरक्षित बनाया है। वहीं, विद्युत विभाग ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए बिजली के खंभों पर जलरोधी सुरक्षा आवरण लगाए हैं, ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया है तथा जलभराव रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। लोक निर्माण विभाग ने मुख्य और संपर्क मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, पैचवर्क, सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि कांवड़ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Share:

Comments

Leave a comment