नोएडा: शराब दुकान का वीडियो बनाकर रंगदारी मांगने के आरोप में पत्रकार पर FIR
नोएडा में न्यूज़ वन इंडिया के पत्रकार निशांत शर्मा पर शराब दुकान के वीडियो के जरिए रंगदारी मांगने का आरोप लगा है, पुलिस ने FIR दर्ज की।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक पत्रकार पर गंभीर आरोप लगे हैं। न्यूज़ वन इंडिया चैनल से जुड़े पत्रकार निशांत शर्मा के खिलाफ सेक्टर-4 स्थित एक शराब दुकान के मैनेजर ने रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया है। मामला नोएडा के फेज-1 पुलिस स्टेशन का है, जहां शिकायतकर्ता प्रशांत कुमार ने आरोप लगाया है कि वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा था।
शिकायत के मुताबिक, प्रशांत कुमार सूफी ग्रुप के मैनेजर हैं और सेक्टर-4 के हरोला इलाके में एक कंपोजिट शराब दुकान संभालते हैं। आरोप है कि 20 सितंबर 2025 को एक व्यक्ति को दुकान पर भेजा गया, जिसने शराब की कीमतों में गड़बड़ी का वीडियो बनाया और उसे ऑनलाइन पोस्ट कर दिया। इसके बाद 22 सितंबर को निशांत शर्मा दुकान पर पहुंचे और उस वीडियो को हटाने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की।
ब्लैकमेलिंग और मंथली पेमेंट का आरोप
शिकायतकर्ता का दावा है कि मामला यहीं नहीं रुका। 29 सितंबर को वही वीडियो दोबारा एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर दिया गया। प्रशांत कुमार का आरोप है कि निशांत शर्मा अब उनसे वीडियो हटाने के लिए तुरंत 30 हजार रुपये और उसके बाद हर महीने 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत में यह भी जिक्र किया गया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गाजियाबाद के इंदिरापुरम और नोएडा के सेक्टर-71 थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच सब-इंस्पेक्टर उमा शंकर को सौंपी गई है।
दूसरी ओर, निशांत शर्मा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और यह पूरी तरह झूठा मामला है। उन्होंने तर्क दिया कि कथित घटना अक्टूबर 2025 की बताई जा रही है, जबकि FIR काफी समय बाद दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि यह सब पहले से प्लान किया गया है।