नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार और 12 बाइक बरामद

नोएडा की थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग राज्यों से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिल, एक वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के विभिन्न इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस ने 21 अगस्त को रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु को गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से बरामद वाहन दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चुराए गए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वैगनार कार से रेकी कर सड़क किनारे खड़ी बाइक चुराते थे और फिर उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रवि प्रताप (26), विमल शाक्य उर्फ सूर्या (23), प्रशांत सिंह (21) और दीपांशु (23) के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से मैनपुरी के बेवर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। इनके खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन चारों आरोपियों के खिलाफ नोएडा, दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम में वाहन चोरी के कुल 28 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के बारे में संबंधित थानों से जानकारी जुटा रही है और गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।