नोएडा की हाइड पार्क सोसाइटी में सातवीं मंजिल से कूदकर महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार को एक 52 वर्षीय महिला ने सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की पूरी जानकारी और अपडेट्स के लिए आप [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं। मृतका की पहचान दिल्ली के विकासपुरी निवासी प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्राथमिक जांच में महिला के पिछले कई महीनों से डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सैर पर जाने की कहकर निकली थीं महिला
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, प्रभजोत कौर करीब तीन दिन पहले अपनी बड़ी बहन के घर नोएडा रहने आई थीं। घटना के समय उनकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे। सोमवार को प्रभजोत सैर पर जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह पार्क जाने के बजाय सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर पहुंच गईं और वहां कॉमन एरिया में रखे प्लास्टिक के स्टूल की मदद से ऊंचाई पर पहुंचकर नीचे छलांग लगा दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
महिला के नीचे गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की जानकारी जुटाने के बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी। परिजन महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के लिए सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पति की हो चुकी है मौत और बेटे रहते हैं गुरुग्राम
पुलिस के मुताबिक प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और उनके दो बेटे गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ रहते हैं। जांच में पता चला कि प्रभजोत पिछले कई महीनों से डिप्रेशन से परेशान थीं और परिजनों ने भी इसकी पुष्टि की है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।