नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में छात्र समेत तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Kittu Kumari13 August 20262 min read172 viewsNCR
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में छात्र समेत तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आत्महत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में एक 16 वर्षीय छात्र और दो युवकों की मौत हो गई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नोएडा में मेट्रो के आगे कूदकर छात्र की मौत

थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर बुधवार शाम को 16 वर्षीय छात्र ने मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान सेक्टर-73 निवासी 11वीं कक्षा के छात्र अमित शर्मा पुत्र राजू शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में यह सामने आया कि कोविड काल के दौरान नौकरी छूटने के बाद मृतक के माता-पिता के बीच विवाद हुआ था और दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। अमित अपने पिता के साथ रहता था और घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।

ग्रेटर नोएडा में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने लगाया फंदा

ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक 30 वर्षीय युवक ने अपने किराये के मकान में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से मेरठ के रहने वाले योगेश कुमार पुत्र विनोद कस्बा सूरजपुर में किराये के मकान में रहते थे। उन्होंने बीती रात घर में फंदा लगा लिया था और सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की जांच में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है।

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय राकेश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि राकेश यादव पुत्र सुल्तान सिंह की बीती रात मौत हुई है। आसपास के लोगों के अनुसार वह अधिक शराब पीने का आदी था और पुलिस को आशंका है कि अत्यधिक शराब के सेवन के चलते उसकी मौत हुई है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment