बड़ी खबर: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी, क्रिप्टो और शेयर निवेश के नाम पर छह लोगों से 83.18 लाख की ठगी

Kittu Kumari13 August 20262 min read57 viewsNCR
बड़ी खबर: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी, क्रिप्टो और शेयर निवेश के नाम पर छह लोगों से 83.18 लाख की ठगी

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराधियों ने छह लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर बड़ा फ्रॉड किया है। इन मामलों में कुल 83 लाख 18 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई है, जिसमें किसी को क्रिप्टो करेंसी तो किसी को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया गया।

* नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छह लोगों से 83.18 लाख रुपये की साइबर ठगी।
* क्रिप्टो करेंसी, शेयर मार्केट, गोल्ड कंपनी और टेलीग्राम के जरिए दिया गया झांसा।
* डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल के अनुसार सभी मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

क्रिप्टो और गोल्ड निवेश के नाम पर ठगी


डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-22 निवासी प्रदीप कुमार से क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 25 लाख 54 हजार 491 रुपये की ठगी की गई। ऑनलाइन संपर्क में आई प्रीति जैन ने इंदौर निवासी बताकर निवेश पर मोटी कमाई का झांसा दिया था। शुरुआत में 10 हजार रुपये लगाने पर 11 हजार रुपये वापस मिलने से भरोसा हुआ, जिसके बाद पीड़ित ने रकम ट्रांसफर की। वहीं ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-वन निवासी 59 वर्षीय सतपाल वर्मा से सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती के बाद गोल्ड कंपनी में निवेश से अच्छा मुनाफा होने का भरोसा देकर 13 लाख 50 हजार 800 रुपये की ठगी हुई।

शेयर बाजार और बॉस बनकर फ्रॉड


ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी रिटायर्ड शिक्षिका सीमा जौहरी को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 9 लाख 40 हजार रुपये गंवाने पड़े, जिन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए व्यक्ति ने ठगा। एक अन्य मामले में विकलांग महिला प्राची सिंह से शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर 6 लाख 82 हजार 341 रुपये की ठगी की गई। इसके अलावा सेक्टर-132 स्थित कंपनी में काम करने वाले गोविंद को साइबर ठगों ने बॉस जसविंदर सिंह भाटिया बनकर मैसेज किया और एक व्यक्ति के खाते में 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। साथ ही ग्रेटर नोएडा निवासी नेहा सिंह को टेलीग्राम के जरिए अधिक पैसा कमाने का झांसा देकर 7 लाख 91 हजार रुपये की ठगी की गई।

पुलिस जांच और रिपोर्ट दर्ज


पुलिस के अनुसार सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर क्राइम थाना पुलिस शिकायतों के आधार पर रकम ट्रांसफर किए गए खातों और आरोपियों के संबंध में जांच कर रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment