नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, पनीर और खोया के नमूने लिए

Kittu Kumari18 August 20261 min read70 viewsNCR
नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, पनीर और खोया के नमूने लिए

नोएडा में शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण दूध व दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक बड़ा जांच अभियान चलाया है। जिलाधिकारी और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर विभागीय टीमों ने विभिन्न स्थानों से कार्रवाई करते हुए पनीर और खोया के कुल तीन नमूने संग्रहित किए हैं। इस अभियान से शहर में हड़कंप मच गया है और खाद्य कारोबारियों में सतर्कता देखी जा रही है।

अलग-अलग टीमों ने की छापेमारी

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-45 स्थित डाबर डेयरी से पनीर और खोया का एक-एक नमूना लिया। वहीं दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और विशाल गुप्ता की टीम ने जोडियक आम्रपाली मार्केट, सेक्टर-120 स्थित नीरज गुप्ता पनीर विक्रेता से पनीर का एक नमूना लिया।

प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए नमूने

विभाग द्वारा कुल तीन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रखते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे, ताकि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment