Noida Crime: FCI में नौकरी के नाम पर 5 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी का बड़ा मामला आया सामने

नोएडा में भारतीय खाद्य निगम (FCI) में बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित से अच्छी जान-पहचान का दावा कर रकम ली और बाद में उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। लखनऊ स्थित FCI कार्यालय पहुंचने पर नियुक्ति पत्र के फर्जी होने का खुलासा हुआ। इस मामले में सेक्टर-49 थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-51 के अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारी से ठगी
थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा के अनुसार, क्षेत्र के शिवालिक अस्पताल सेक्टर-51 में काम करने वाले सरोज कुमार सिंह ने इस धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित सरोज कुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर, बिहार के रहने वाले हैं। शिकायत के मुताबिक, उनके रिश्तेदार बबीता सिंह (पत्नी बलवीर सिंह) और अंकित कुमार उनके पास आए थे। दोनों आरोपियों ने FCI लखनऊ में अच्छी जान-पहचान होने की बात कहकर उनके बेटे को नौकरी दिलवाने का भरोसा दिया था।
लखनऊ कार्यालय जाने पर चला फर्जीवाड़े का पता
शिकायत के अनुसार, नौकरी लगवाने के नाम पर दोनों आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से कुल पांच लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को एक नियुक्ति पत्र दिया और उनके बेटे को लखनऊ स्थित FCI कार्यालय भेज दिया। जब पीड़ित का बेटा लखनऊ कार्यालय पहुंचा, तो वहां के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनके कार्यालय से ऐसा कोई भी नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि वे बबीता या अंकित नाम के किसी भी व्यक्ति को नहीं जानते हैं।
रुपए मांगने पर दी धमकी, अन्य लोगों से भी ठगी का आरोप
जब पीड़ित ने ठगी का अहसास होने पर आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे कथित तौर पर धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि आरोपियों ने FCI में नौकरी लगवाने के नाम पर कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी की है। फिलहाल, सेक्टर-49 थाना पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।