नोएडा: 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरे पिता और 11 साल का बेटा, दोनों की मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में पूजा के लिए फूल तोड़ते समय 23वीं मंजिल से गिरे पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर।

Kittu Kumari30 October 20262 min read0 viewsNCR
नोएडा: 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरे पिता और 11 साल का बेटा, दोनों की मौत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ महागुन माईवुड्स सोसाइटी के 23वें फ्लोर की बालकनी से एक पिता और उनके 11 साल के बेटे के गिरने से दोनों की जान चली गई। यह हादसा शुक्रवार तड़के उस वक्त हुआ जब दोनों पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, मृतक रंदीप पात्रा (40 वर्ष) दिल्ली सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह रंदीप अपने बेटे आरव के साथ बालकनी में गए थे। बताया जा रहा है कि वे पूजा के लिए फूल तोड़ना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने एक सीढ़ी का सहारा लिया था। इसी दौरान अचानक बच्चा फिसल गया और उसे बचाने की कोशिश में पिता का संतुलन भी बिगड़ गया, जिससे दोनों सीधे 23वीं मंजिल से नीचे जा गिरे।

हादसे के समय परिवार जा रहा था खाटू श्याम

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस घटना की सूचना सुबह करीब 4 बजे पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल के जरिए बिसरख थाने को मिली। रंदीप की पत्नी, जो उस समय खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रही थीं, ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और स्थानीय थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच की है। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति नहीं मिली है, जिससे यह मामला एक दुखद दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को भेज दिया है और मामले की औपचारिक जांच जारी है।

गौरतलब है कि नोएडा अथॉरिटी ने 15 मई 2025 को ही निवासियों को चेतावनी जारी की थी कि वे बालकनी के किनारों से गमले हटा दें ताकि ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके, लेकिन इसके बावजूद इस दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है।

Share:

Comments

Leave a comment