नोएडा: जीवनसाथी डॉट कॉम पर कुंवारा बताकर की शादी, पहली पत्नी को बहन बताया और ठगे रुपये

Kittu Kumari10 August 20262 min read132 viewsNCR
नोएडा: जीवनसाथी डॉट कॉम पर कुंवारा बताकर की शादी, पहली पत्नी को बहन बताया और ठगे रुपये

नोएडा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को कुंवारा बताकर एक व्यक्ति ने महिला को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उससे शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद आरोपी ने महिला के नाम पर बाइक फाइनेंस कराई, पर्सनल लोन लिया और मोबाइल भी खरीदा। कुछ समय बाद जब महिला को सच्चाई का पता चला, तो उसने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में फेस-3 थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे दिया ठगी को अंजाम

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र के अनुसार, गीता बाथम ने अपनी शिकायत में बताया कि अमित कुमार ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को कुंवारा बताकर उससे संपर्क किया था। दोनों के बीच बातचीत के बाद 6 नवंबर 2025 को आर्य समाज मंदिर में शादी हुई और इसके बाद तीस हजारी कोर्ट में शादी का पंजीकरण कराया गया। पीड़िता के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि अमित पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

पहली पत्नी से मिलवाया बहन कहकर

आरोप है कि शादी से पहले अमित अपनी पहली पत्नी रजनी को उसकी बहन बताकर गीता से बातचीत करवाता था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने खुद को डिलीवरी बॉय का काम करने की बात कहकर बाइक खरीदने के लिए महिला को तैयार किया। इसके बाद महिला के नाम पर 1.57 लाख रुपये की बाइक फाइनेंस कराई गई।

लोन और मोबाइल के नाम पर धोखाधड़ी

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला से 1.22 लाख रुपये का व्यक्तिगत लोन भी कराया और उस रकम को अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। इसके अलावा आरोपी ने 42 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी खरीदवाया। जब महिला को अमित के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली, तो उसने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर फेस-3 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment