स्वतंत्रता दिवस पर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन, जानें रूट और नियम

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल और स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार 12 अगस्त की रात 10 बजे से 13 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक तथा 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक दिल्ली जाने वाले भारी, मध्यम, हल्के मालवाहक और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन की जानकारी
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। चिल्ला रेड लाइट और डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। कालिंदी कुंज-यमुना बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट, परी चौक, पी-3, कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
यातायात हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाएं
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। आपातकालीन चिकित्सा और फायर सर्विस वाहनों को जरूरत के अनुसार सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। परेशानी होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।