नोएडा के दादरी में 22 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज

दादरी कस्बे में एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि कटैहरा रोड निवासी इदरीश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी गुलशमा की शादी वसीम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति वसीम, ससुर सलीम, सास गुलशन उर्फ छोटी तथा देवर सोनू उर्फ शाहरुख अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के अनुसार, इस प्रताड़ना से परेशान होकर गुलशमा ने 5 अगस्त की रात अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।