नोएडा में एक दिन में 30 लोग साइबर ठगी के शिकार, 2.15 करोड़ रुपये की ठगी

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी के बड़े मामले सामने आए हैं, जहां एक ही दिन में 30 लोग साइबर अपराधियों के झांसे में आ गए। इन लोगों से कुल 2 करोड़ 15 लाख 58 हजार रुपये की ठगी की गई है। ठगों ने लोगों को शेयर मार्केट में निवेश, फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट और ऐप डाउनलोड करने के नाम पर अपना शिकार बनाया। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई करोड़ों की ठगी और पीड़ितों के मामले
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-81 निवासी विजय शर्मा से फर्जी लिंक के जरिए 5.20 लाख रुपये ठगे गए। सेक्टर-73 निवासी विवेकानंद कुमार गुप्ता से शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 7.76 लाख रुपये और सेक्टर-55 निवासी सतीश के खाते से 11.97 लाख रुपये निकाले गए। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मोहित से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 15 लाख रुपये, रबूपुरा की मालती से 7 लाख रुपये, गौरव अग्रवाल से 10.65 लाख रुपये, और मनोज चौहान के क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर 5.40 लाख रुपये ठग लिए गए। ममता चौहान से मोबाइल अपडेट के नाम पर ऐप डाउनलोड कराकर 6.67 लाख रुपये निकाले गए।
अन्य पीड़ितों के आंकड़े और पुलिस की कार्रवाई
अन्य मामलों में तरुण खन्ना से बैंक केवाईसी अपडेट के बहाने 5.20 लाख रुपये, रामकिशन कौशिक से 6.25 लाख रुपये, रश्मि कुमारी से 7.82 लाख रुपये और रामभूल सिंह से 5.78 लाख रुपये की ठगी हुई। महागुण मॉडर्न सोसायटी के विशाल कुमार गुप्ता से 8.25 लाख रुपये, दिलीप कुमार मिश्रा से 9 लाख रुपये, मोहित से 6.51 लाख रुपये, आर्यन तोमर से 5.82 लाख रुपये और दिव्या से 7.50 लाख रुपये ठगे गए। मुकेश सिंह से 7.50 लाख रुपये, प्रवीण कुमार से 5.08 लाख रुपये, राहुल कुमार से 5 लाख रुपये, अंशुल माथुर से 13.95 लाख रुपये, विवेक यादव से 7.68 लाख 500 रुपये, संदीप सिंह से 7.78 लाख रुपये, एक महिला से 5.59 लाख रुपये, संजय कुमार जैन से 7 लाख रुपये, पार्थ अरोड़ा से 10.96 लाख रुपये, सुमित कुमार त्यागी से 7.20 लाख रुपये तथा छतर सिंह से 6.65 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर साइबर अपराधियों की पहचान और रकम की रिकवरी के लिए जांच की जा रही है।