नोएडा में साइबर ठगों का बड़ा खेल, 8 लोगों से ठगे 1.08 करोड़ रुपये, पुलिस जांच में जुटी

नोएडा शहर में साइबर ठगी के बड़े मामले सामने आए हैं जहां विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले आठ लोगों से साइबर अपराधियों ने कुल एक करोड़ आठ लाख 97 हजार 150 रुपये की ठगी कर ली है। ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश, क्रिप्टो करेंसी में कारोबार, मोटा मुनाफा कमाने का लालच, बिजली का बिल जमा कराने, फर्जी बैंक कर्मचारी बनकर और मोबाइल हैक करने जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया है। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने मामलों की पुष्टि की है।
निवेश और क्रिप्टो के नाम पर धोखाधड़ी
शाहबेरी, ग्रेटर नोएडा निवासी राहुल को 'फ्यूल इंडिया एप' के माध्यम से ऑनलाइन निवेश के नाम पर फंसाया गया और उनके खातों से 21 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। दीपक अग्रवाल को क्रिप्टो करेंसी में कारोबार के नाम पर झांसा दिया गया और एप के माध्यम से 34 लाख 49 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं, श्याम नारायण राम से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर विभिन्न खातों में 20 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
एप डाउनलोड, मोबाइल हैक और फर्जी कॉल से ठगी
जगत सिंह से बिजली का बिल जमा कराने के नाम पर एक एप डाउनलोड कराया गया जिससे उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और उनके खाते से 7 लाख 82 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। कुल भूषण शर्मा के खाते से बिना अनुमति 8 लाख रुपये निकाल लिए गए जबकि उन्होंने कोई ओटीपी साझा नहीं किया था। ग्रेटर नोएडा निवासी अभय कुमार गुप्ता की पत्नी के खाते से 6 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए गए।
बैंक कर्मचारी और अमेजन लिंक के बहाने ठगी
जब्बार सिंह को खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताने वाले आरोपी ने बैंक का संशोधित वर्जन इंस्टॉल करने के बहाने कंप्यूटर पर बटन दबवाकर 5 लाख 48 हजार 150 रुपये निकाल लिए। विजय शर्मा को व्हाट्सऐप पर अमेजन का लिंक भेजकर पैसे लगाने पर कमीशन का झांसा दिया गया और 5 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए गए। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और लेनदेन व तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।