नोएडा में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया ध्वजारोहण

नोएडा के सेक्टर-51 स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में विधायक दादरी तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कई अधिकारी, शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।
- राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सेक्टर-51, होशियारपुर में किया ध्वजारोहण।
- विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश।
- छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया जीवंत।
- प्रतिभावान छात्राओं को मंत्री द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित।
मंत्री नरेंद्र कश्यप और जिलाधिकारी के विचार
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि स्वच्छ पर्यावरण भावी पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को ईमानदारी से योगदान देना होगा।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की उन्नति में अपनी भूमिका निभाने के साथ अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ष्ठा से पालन करना चाहिए। जरूरतमंद और वंचित लोगों की सहायता करना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह
समारोह में छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को जीवंत किया। शानदार प्रस्तुतियों से पूरा परिसर देशभक्ति से सराबोर हो गया। मंत्री ने प्रतिभावान छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता से कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों, छात्राओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।