नोएडा में रेकी कर बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, अवैध चाकू और मोटरसाइकिल बरामद

नोएडा में वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फेस-1 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। आरोपी नोएडा-एनसीआर की कॉलोनियों, सोसाइटियों और कंपनियों के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे।
- फेस-1 पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
- चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद
- कॉलोनी और सोसाइटियों में रेकी कर चुराते थे बाइक
- आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज
बुधवार को सेक्टर-14 से हुई गिरफ्तारी
फेस-1 थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला के मुताबिक, पुलिस ने बुधवार को सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले के पास से विवेक (20) और हलीम (20) को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल और दो चाकू बरामद हुए। बाइक चोरी के संबंध में फेस-1 थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पहले रेकी, फिर लॉक तोड़कर करते थे चोरी
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले कॉलोनी, सोसाइटी, कंपनी और फैक्ट्री के आसपास रेकी करते थे। इसके बाद पार्क या कंपनी के आसपास खड़ी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर ले जाते थे।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार विवेक सेक्टर-20 के जी-ब्लॉक और हलीम सेक्टर-16 की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। विवेक के खिलाफ फेस-1, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 थानों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि हलीम के खिलाफ फेस-1 थाने में पूर्व में मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।