बड़ी कार्रवाई: दिल्ली-नोएडा में बाइक चोरी करने वाले गिरोह के 3 बदमाश गिरफ्तार, 2 मोटरसाइकिल और अवैध चाकू बरामद

नोएडा में अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने दिल्ली और नोएडा से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने जानकारी दी कि लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से एफएनजी सर्विस रोड यू-टर्न, सेक्टर-122 के पास से अभिषेक उर्फ अजय, आमिर खान और चेतन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की एक बुलेट और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ दो अवैध चाकू बरामद हुए।
चोरी की गाड़ियों का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दिल्ली से और बुलेट मोटरसाइकिल सेक्टर-122, नोएडा से चोरी की गई थी। पुलिस ने बताया कि बरामद बुलेट मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-113 में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है, जबकि स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे से संबंधित है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। अभिषेक और आमिर के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में वाहन चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं चेतन पर भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।