नोएडा में स्वच्छता अभियान के तहत सेक्टर-105 से हटाया गया 160 किलो कूड़ा, बारिश के बीच अधिकारियों ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर शनिवार को सेक्टर-105 में स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में सेक्टरवासियों और स्कूली बच्चों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। अभियान के दौरान सेक्टर-105 स्थित सेंट्रल पार्क को गार्बेज मुक्त किया गया और वहां से लगभग 160 किलोग्राम कूड़ा हटाया गया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
इस स्वच्छता और पौधारोपण अभियान के दौरान कई विशिष्ट लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस अनीश दयाल, भारत सरकार के पूर्व गृह सचिव एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक दत्तात्रेय, उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन सिंह और उप निदेशक प्रशान्त सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
बारिश के बीच जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण
बारिश को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा ने शनिवार को आवासीय, संस्थागत और औद्योगिक क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव एवं अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए झट्टा अंडरपास का भी निरीक्षण किया। अत्यधिक बारिश के कारण आसपास की भूमि का जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षा की दृष्टि से पंप चालू कराया गया और अंडरपास से अस्थायी रूप से आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 के निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों पर कहीं भी जलभराव नहीं मिला। इसके अलावा सेक्टर-148, 150, 152 और ग्राम सफीपुर का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, जलभराव की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर टास्क फोर्स के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह, वर्क सर्किल-7 के वरिष्ठ प्रबंधक डीएल वर्मा, प्रबंधक मनीषा सिंह तथा संबंधित अवर अभियंता मौजूद रहे।