Noida News: स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड का इस्तेमाल सीमित, बच्चों की सेहत को लेकर प्रशासन का बड़ा आदेश

गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में डिजिटल स्मार्ट बोर्ड के इस्तेमाल को लेकर एक नया निर्देश जारी किया है। इस आदेश के तहत छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्क्रीन टाइम की सीमा तय कर दी गई है। अभिभावकों की तरफ से बच्चों के स्क्रीन के सामने ज्यादा समय बिताने को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद यह कदम उठाया गया है।
स्क्रीन टाइम की नई सीमाएं
प्राइमरी छात्रों के लिए प्रतिदिन अधिकतम 30 मिनट और अपर-प्राइमरी छात्रों के लिए प्रतिदिन अधिकतम 60 मिनट स्क्रीन टाइम तय किया गया है। प्रशासन के आदेश के मुताबिक, डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल पढ़ाई के मुख्य माध्यम की जगह केवल एक सहायक शिक्षण टूल के रूप में किया जाना चाहिए।
स्कूलों के लिए जरूरी नियम और उपाय
आंखों पर जोर, सिरदर्द और व्यवहार संबंधी समस्याओं के जोखिम को कम करने के लिए स्कूलों को 20-20-20 नियम का पालन करना होगा और क्लासरूम में पर्याप्त रोशनी व स्क्रीन की सही स्थिति बनाए रखनी होगी। प्रशासन ने संस्थानों को ब्लैकबोर्ड और व्हाइटबोर्ड जैसे पारंपरिक लेखन तरीकों को प्राथमिकता देने और अधिक शारीरिक व गतिविधि-आधारित शिक्षा को शामिल करने का आदेश दिया है।
निरीक्षण और जांच के निर्देश
स्कूलों को छात्रों की त्रैमासिक (क्वार्र्टरली) आंख की जांच करानी होगी और सामाजिक मेलजोल व खेलों को बढ़ावा देने के लिए 'डिजिटल डिटॉक्स' पहलों को बढ़ावा देना होगा। इस आदेश के पालन की निगरानी नियुक्त मजिस्ट्रेटों द्वारा की जाएगी और रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक (District Inspector of Schools) को सौंपी जाएगी।