नोएडा में बाढ़ से निपटने की बड़ी तैयारी! डीएम ने दिए सभी विभागों को सख्त निर्देश

नोएडा में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में बाढ़ तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि आपदा के समय लोगों को परेशानी न हो। अधिक जानकारी के लिए [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।
- सिंचाई विभाग द्वारा यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर सामान्य बताया गया।
- कटान स्थलों, बांधों और रैटहोल का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
- बाढ़ योजना-2026 की हार्ड कॉपी सभी विभागों को उपलब्ध कराने को कहा गया।
राजस्व और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश
सिंचाई विभाग ने जानकारी दी कि यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर फिलहाल सामान्य है। जिलाधिकारी ने कटान स्थलों, बांधों, रेनकट और रैटहोल का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बालू की बोरियां, जियो बैग्स और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया। राजस्व विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित कर शिफ्टवार ड्यूटी लगाने और प्रभावित गांवों तथा परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। बीमार, असक्त और पांच वर्ष तक के बच्चों की अलग सूची बनाने को भी कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाएं और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां
लोक निर्माण विभाग को मुख्य और वैकल्पिक मार्गों तथा राहत केंद्रों तक संपर्क मार्ग दुरुस्त रखने को कहा गया। पंचायती राज विभाग को राहत केंद्रों में साफ-सफाई और पेयजल की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों को जलभराव की नियमित निगरानी और नालों की सफाई के आदेश दिए गए। पुलिस विभाग को पीएसी बाढ़ वाहिनी, नावों और गोताखोरों की व्यवस्था करने को कहा गया। आपूर्ति विभाग को पर्याप्त खाद्यान्न और विद्युत विभाग को बाढ़ चौकियों पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार मौजूद रहे। साथ ही एएसपी पुलिस संतोष कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों, प्राधिकरणों और नगर निकायों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।