नोएडा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर 45 शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, वीरों के बलिदान को किया नमन

भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर सेक्टर-29 स्थित नोएडा शहीद स्मारक में गौतमबुद्धनगर के 45 वीर शहीदों के निकटतम परिजनों (Next of Kin) को सम्मानित किया गया। इस गरिमामय समारोह में शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के लिए दिए गए वीरों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। नोएडा शहीद स्मारक में गौतमबुद्धनगर के 45 वीर शहीदों के निकटतम परिजनों को सम्मानित किया गया। समारोह में शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के लिए वीरों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ शहीद स्मारक के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राकेश चड्ढा, PVSM, AVSM, VSM ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। आर्मी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मिनी बैंड के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय ध्वज के साथ तीनों सेनाओं के ध्वज भी स्मारक की पृष्ठभूमि में पूरे गौरव के साथ लहराते रहे। कार्यकारी निदेशक ने स्मारक के मुख्य स्तंभ के आधार पर पहला पुष्पचक्र अर्पित किया।
परिजनों और सैन्य अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
इसके बाद शहीदों के निकटतम परिजनों ने पुष्पांजलि अर्पित की जिनमें फ्लाइट लेफ्टिनेंट जे.सी. शर्मा, कर्नल एम.पी. चिब्बर, श्रीमती त्रिप्ता थापर, श्रीमती उमा नौरियाल, पूजा सिंह, श्रीमती नकवी और श्रीमती नियोगी शामिल थीं। आर्मी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या विमला राणा, उप-प्रधानाचार्या, शिक्षक और कर्मचारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। प्रबंधन समिति की ओर से लेफ्टिनेंट जनरल सुरिंदर वर्मा, मेजर जनरल डी.के. सेन, ब्रिगेडियर अरुण बाली, कमांडर नरेंद्र महाजन, कर्नल शशि वैद, कर्नल ओ.पी. मेहता, कर्नल संजय खरबंदा, कर्नल महेंद्र कुमार, कर्नल वी.एन. जगोटा, कर्नल जगमोहन, कर्नल जी.एस. सल्कलान, कर्नल जे.एस. यादव, कैप्टन जे.सी. कोहली और समीर कोहली ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों और नागरिकों की रही उपस्थिति
इसके अलावा कर्नल प्रशांत गुप्ता, कर्नल सी.के. शर्मा, ब्रिगेडियर अशोक मेहदिरत्ता और कर्नल एस.के. श्रीवास्तव सहित अनेक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों ने भी वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मेजर जनरल देवेंद्र कपूर, ब्रिगेडियर सोहल, कर्नल सुभाष शर्मा, कर्नल के. भूषण, एयर कमोडोर बाली और कमोडोर प्रदीप सिंह, शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा के माता-पिता जेपी शर्मा, सुदेश शर्मा, डॉ. संगीता शर्मा सहित गौतमबुद्धनगर के अनेक नागरिक भी समारोह में शामिल हुए। गौरतलब है कि सेक्टर-29 में स्थित शहीद स्मारक को देश का एकमात्र त्रि-सेवा स्मारक बताया गया है जिसे तत्कालीन तीनों सेनाओं के प्रमुखों द्वारा 13 अप्रैल 2002 को राष्ट्र को समर्पित किया गया था। समारोह के अंत में शहीद स्मारक की देखभाल और उसके गौरवशाली स्वरूप को बनाए रखने के लिए कार्यरत कर्मचारियों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं।