नोएडा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

Kittu Kumari15 August 20262 min read73 viewsNCR
नोएडा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

नोएडा में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, गरिमा और परंपरा के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई गई। पुलिस कमिश्नर ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन किया और पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट सेवा और शौर्य के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट, सराहनीय और साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से उपनिरीक्षक राकेश यादव, थाना बीटा-2 को सम्मानित किया गया। सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक उमेश चंद नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को प्रदान किया गया। शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह से मुख्य आरक्षी रवि कुमार (स्वर्ण), थाना साइबर क्राइम को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेवाभिलेख और शौर्य के आधार पर उपनिरीक्षक बृजेन्द्र सिंह, चेतन सिंह, यशपाल सिंह, जीवन सिंह यादव, सर्वेश कुमार, सुभाष चन्द्र, रामबल सिंह, रवि सूर्यवंशी, महिला उपनिरीक्षक मधु सिंह, ज्योति बालियान, सुरेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी विशाल कुमार, सोनू कुमार, महिला मुख्य आरक्षी नीलम राठी, एलआईयू सुधीर सिंह, पंकज उपाध्याय, आरक्षी अरविन्द सिंह और संदीप यादव को रजत प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए गए।

शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान और अन्य स्थानों पर ध्वजारोहण

कार्यक्रम में कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्वर्गीय तीरथपाल सिंह की पत्नी मधु तोमर, स्वर्गीय रोहित यादव की पत्नी आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्वर्गीय सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, हेड कांस्टेबल स्वर्गीय बिजेन्द्र कुमार की पत्नी मिथलेश और कांस्टेबल स्वर्गीय सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। कमिश्नरेट के सभी थानों और कार्यालयों में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया और कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरित किया गया।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment