नितिन नबीन ने लॉन्च की पीएम मोदी की जीवनी, कहा- 'विश्वास' ही है मोदी जी की पहचान
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ सिन्हा द्वारा लिखित पीएम मोदी की किताब लॉन्च की और उनके नेतृत्व की तारीफ की।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके सफर पर आधारित एक खास किताब का विमोचन किया। वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ सिन्हा द्वारा लिखी गई इस किताब का शीर्षक 'कुछ कही, कुछ अनकही' (Some Said, Some Unsaid – Stories of Narendra Modi's Vision, Mission and Action) है। इस मौके पर नितिन नबीन ने पीएम मोदी के नेतृत्व कौशल और उनकी कार्यशैली की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि यह किताब प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं और उनके अब तक के सफर को बहुत खूबसूरती से पेश करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस किताब में संगठन चलाने और नेतृत्व करने के जो सबक दिए गए हैं, वे न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के लिए भी बेहद मूल्यवान हैं।
संगठनात्मक कौशल और पत्रकारिता की सादगी
नितिन नबीन ने किताब के एक खास हिस्से का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें यह भी विस्तार से दिया गया है कि एक सांसद या विधायक को अपना कार्यालय कैसे व्यवस्थित करना चाहिए, उनके सहयोगियों का चयन कैसा हो और उनके स्वभाव में किस तरह की गंभीरता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हर छोटे से छोटे विवरण पर ध्यान देते हैं और जरूरत पड़ने पर सही मार्गदर्शन करते हैं। नबीन के मुताबिक, प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक नई ऊर्जा और शक्ति का स्रोत है।
लेखक अमिताभ सिन्हा की तारीफ करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज के दौर में जहां पत्रकारिता केवल सनसनी फैलाने और नैरेटिव सेट करने तक सीमित रह गई है, वहीं अमिताभ सिन्हा ने अपनी लेखनी में सादगी और निष्पक्षता बनाए रखी है। उन्होंने सिन्हा के सीधे और स्पष्ट सवालों पूछने के अंदाज की सराहना की।
नितिन नबीन ने आगे कहा कि इस किताब में पीएम मोदी की सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रतिबद्धता और विकसित भारत के उनके विजन को दर्शाया गया है। उन्होंने पीएम मोदी की तुलना एक 'कुम्हार' से की, जो कार्यकर्ताओं को सही आकार देता है और एक 'अभिभावक' की तरह उनका मार्गदर्शन करता है। अंत में उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी के पूरे सफर को एक शब्द में समेटना हो, तो वह शब्द 'विश्वास' होगा।