नितिन नबीन ने मुनक़ नहर पर किया छठ घाट का उद्घाटन, बोले- अब दिल्ली में बेरोकटोक मना पाएंगे पूर्वांचल के लोग छठ
बीजेपी नेता नितिन नबीन और सीएम रेखा गुप्ता ने मुनक़ नहर पर छठ घाट का उद्घाटन किया। नबीन ने कहा कि अब दिल्ली में पूर्वांचल के लोग बेझिझक मना सकेंगे त्योहार।

दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुनक़ नहर पर छठ घाट का उद्घाटन किया। इस मौके पर नितिन नबीन ने कहा कि अब दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों को छठ पूजा मनाने में किसी भी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सराहना करते हुए इसे छठ व्रतियों और सनातन परंपराओं को मानने वालों के लिए एक बड़ा तोहफा बताया।
नितिन नबीन ने मुनक़ नहर के 11 किलोमीटर लंबे हिस्से में हुए विकास कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से काम पूरा होने से दिल्ली के वातावरण में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। नहर के पानी की शुद्धता और स्वच्छता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह पवित्रता छठ पूजा के लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
संस्कृति और अनुशासन का संगम है छठ
कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन ने छठ पूजा को अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति पूजा का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार किसानों के योगदान को भी दर्शाता है, क्योंकि इसमें फल, सब्जियों और ठेकुआ जैसे पारंपरिक प्रसाद का अहम हिस्सा होता है। उन्होंने मिथिला संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि 'पाग' (पारंपरिक टोपी) केवल एक टोपी नहीं, बल्कि भारतीय और मिथिला संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है।
नबीन ने लोगों से अपील की कि छठ मईया की पूजा के दौरान जो स्वच्छता और पवित्रता देखी जाती है, उसे साल भर अपने जीवन और दिल्ली की सड़कों पर भी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यह पर्व ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव को मिटाकर सबको एक सूत्र में बांधता है।
पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकार ने जनता की सुविधाओं के बजाय 'शीश महल' बनाने को प्राथमिकता दी, जबकि वर्तमान सरकार नहरों, नदियों और तालाबों के जरिए आम लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने डबल इंजन सरकार के तालमेल का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के बीच समन्वय की वजह से ही त्योहार के लिए इतनी बेहतर व्यवस्थाएं संभव हो पाई हैं।