लक्मे फैशन वीक: सुनीत वर्मा के शो में नितांशी गोयल ने बिखेरा जलवा, 'काशी' कलेक्शन में दिखीं बेहद एलिगेंट

नई दिल्ली में आयोजित लक्मे फैशन वीक 2026 के दूसरे दिन ग्लैमर का जबरदस्त तड़का देखने को मिला। फिल्म 'लापता लेडीज' से अपनी एक अलग पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस नितांशी गोयल ने जब रैंप पर कदम रखा, तो सबकी नजरें उन्हीं पर टिक गईं। नितांशी मशहूर डिजाइनर सुनीत वर्मा के लेटेस्ट कलेक्शन के लिए शोस्टॉपर बनीं और अपनी खूबसूरती से पूरे माहौल को जादुई बना दिया।
सुनीत वर्मा के लेबल 'SV' ने इस मौके पर अपना नया कलेक्शन पेश किया, जिसका नाम 'काशी' रखा गया है। यह कलेक्शन पूरी तरह से बनारस की timeless खूबसूरती, वहां के रंगों, बनावट और विजुअल लैंग्वेज से प्रेरित है। फिल्मफेयर अवॉर्ड विजेता नितांशी गोयल ने इस कलेक्शन को एक आधुनिक अंदाज में पेश किया, जिसने भारतीय विरासत और समकालीन फैशन के मेल को बखूबी दर्शाया।
वाइन कलर के लहंगे में नजर आईं नितांशी
रैंप पर नितांशी गोयल का अंदाज बेहद रॉयल और एलिगेंट था। उन्होंने वाइन कलर का एक शानदार एम्बेलिश्ड फिशटेल लहंगा पहना था, जिसके साथ स्ट्रैपलेस टॉप और एक खूबसूरत ड्रेप जुड़ा हुआ था। इस पूरे आउटफिट में प्लम और सिल्वर पैलेट्स का इस्तेमाल किया गया था, जिसने उनके लुक में एक अलग ही चमक और आकर्षण जोड़ दिया।
डिजाइनर सुनीत वर्मा का यह 'काशी' कलेक्शन भारतीय संस्कृति और शिल्प कौशल का एक जीता-जागता उदाहरण था। इस कलेक्शन में लाल, बैंगनी, मैरून और काले जैसे गहरे रंगों का इस्तेमाल किया गया, जो गंगा के घाटों पर बदलती रोशनी और शहर के खास परिदृश्य को दर्शाते हैं।
कलेक्शन की खास बात यह थी कि इसमें पारंपरिक भारतीय सौंदर्य और आधुनिक सिलुएट्स का बेहतरीन तालमेल था। इसमें रेडी-टू-वियर जैकेट, धोती स्कर्ट, ड्रेप्ड साड़ियां, टॉप, ट्यूनिक्स और ट्राउजर्स शामिल थे। इन सभी कपड़ों पर बारीक हैंडवर्क, कढ़ाई और टैसल्स का काम किया गया था, जो काशी की रोजमर्रा की चमक और वहां की रूहानी लय से प्रेरित थे।