बेंगलुरु: FRRO होल्डिंग सेंटर में सुरक्षाकर्मियों पर हमला, नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार

बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित सोनडेकोप्पा गांव के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) होल्डिंग फैसिलिटी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 43 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक, केल्विन चिगोके जेम्स ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। यह पूरी घटना 29 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:55 बजे की है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कर्नाटक राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (KSISF) के इंस्पेक्टर बालगंधर के. द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी केल्विन को जब वॉशरूम से वापस उसके कमरे की ओर ले जाया जा रहा था, तभी वह अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि उसने न केवल सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि एक चाकू निकालकर उन पर हमला करने की कोशिश भी की। इस झड़प के दौरान एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया, लेकिन इसके बावजूद वह स्टाफ को जान से मारने की धमकियां देता रहा।
पुरानी है हिंसक व्यवहार की आदत
जांच में यह बात सामने आई है कि केल्विन चिगोके जेम्स का व्यवहार पहले भी संदिग्ध रहा है। जनवरी 2026 में भी उसने एक बार सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरों और पानी के समप ढक्कन से हमला किया था। फिलहाल मदननायकहल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक हाई-सिक्योरिटी फैसिलिटी के अंदर आरोपी के पास चाकू कहाँ से आया।
बता दें कि भारत में रहने वाले या आने वाले विदेशी नागरिकों को 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025' के तहत सख्त नियमों का पालन करना होता है। वीजा नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों की कमी या हिरासत केंद्रों में अनुशासनहीनता और शारीरिक हमले जैसे गंभीर अपराधों के लिए भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है।