दिल्ली के 53 होटलों पर NGT सख्त, ग्राउंडवॉटर मॉनिटरिंग नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई के आदेश
दिल्ली के 53 होटल और गेस्ट हाउस ग्राउंडवॉटर मॉनिटरिंग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, NGT ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

दिल्ली में भूजल (groundwater) के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने कड़ा रुख अपनाया है। ट्रिब्यूनल ने दिल्ली के अधिकारियों को उन 53 होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, जिन्होंने अब तक डिजिटल वॉटर मीटर और पीजोमीटर लगाने जैसे जरूरी नियमों का पालन नहीं किया है। NGT ने स्पष्ट किया है कि इन नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को इस पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
यह पूरा मामला दिल्ली के होटलों और गेस्ट हाउसों द्वारा ग्राउंडवॉटर मॉनिटरिंग नियमों के पालन से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल को बताया गया कि पहले 123 ऐसे संस्थान चिह्नित किए गए थे जो नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। इनमें से 42 ने अब नियमों को मान लिया है, जबकि 25 ने दावा किया है कि उनके परिसर में कोई बोरवेल ही नहीं है। इसके अलावा, एक संस्थान संबंधित एसडीएम के अधिकार क्षेत्र से बाहर पाया गया और दो जगहों पर बोरवेल को सील कर दिया गया है। अब केवल 53 होटल और गेस्ट हाउस ही बचे हैं जिन्होंने अब तक निर्देशों को नजरअंदाज किया है।
प्रशासन की सुस्ती पर ट्रिब्यूनल की नजर
NGT की बेंच, जिसमें चेयरपर्सन जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव और एक्सपर्ट मेंबर डॉ. अफरोज अहमद शामिल थे, ने इस बात पर हैरानी जताई कि जिला मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई की रिपोर्ट समय पर पेश नहीं की गई। इससे पहले 3 सितंबर की कार्यवाही में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने बताया था कि कुल 555 गैर-अनुपालन वाले होटलों में से करीब 123 ने बार-बार कहने के बाद भी मीटर नहीं लगवाए थे।
सुनवाई के दौरान करोल बाग की एसडीएम सपना प्रोया ने वर्चुअल माध्यम से उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने ट्रिब्यूनल को भरोसा दिलाया कि शेष 53 होटलों के खिलाफ एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई की जाएगी और तुरंत रिपोर्ट जमा की जाएगी। वहीं, दिल्ली जल बोर्ड ने अपनी दो अन्य अर्जियों पर 10 दिनों के भीतर निर्णय लेने की बात कही है।
ट्रिब्यूनल ने दिल्ली जल बोर्ड को निर्देश दिया है कि वे तय समय सीमा के बाद अपनी रिपोर्ट दाखिल करें। इस मामले की अगली सुनवाई अब 9 फरवरी 2027 को तय की गई है।