दिल्ली के न्यू सीमपुरी में चार मंजिला इमारत गिरी, दो बच्चों समेत 3 की मौत, 8 घायल

देश की राजधानी दिल्ली के न्यू सीमपुरी इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहाँ ईदगाह मछली मंडी के पास एक चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक ढह गई, जिसमें मलबे में दबने से तीन लोगों की जान चली गई। मरने वालों में दो बच्चे शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे में आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, एमसीडी (MCD) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। अब तक मलबे से 11 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों में मोमिन मिर्जा (56), अब्दुल रहमान (28), देवरुद्दीन (28), सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35), समद (30) और एक तीन साल का बच्चा शामिल है। इन सभी को ताहीरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मलबे में तलाश और राहत कार्य जारी
मृतकों की पहचान में अब तक एक 21 वर्षीय युवती गुलाबफसा, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं, और एक 12 साल की बच्ची के रूप में हुई है। तीसरे मृतक बच्चे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि यह इमारत महज 25 वर्ग गज के क्षेत्र में बनी थी और चार मंजिला थी। पुलिस और प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे इस हादसे की जानकारी मिली थी।
मौके पर भारी मशीनरी तैनात की गई है क्योंकि आशंका है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। सीनियर फायर ऑफिसर मनीष कुमार के मुताबिक, कंट्रोल रूम को दोपहर 3:30 बजे सूचना मिली थी और बचाव दल लगातार मलबे को हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं।
दिल्ली में इमारतों के गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इससे पहले 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में भी एक इमारत गिरी थी, जिसमें सात लोगों की जान गई थी। पुलिस की जांच में पता चला था कि वहां बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के बराबर करने के लिए अवैध तरीके से निर्माण कार्य किया गया था, जिससे ढांचा कमजोर हो गया था।