नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो लाख की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री के साथ हुई दो लाख रुपये नकद और चांदी की अंगूठियों की चोरी के मामले को रेलवे पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 1.51 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि बाकी बचा हुआ सामान और रकम भी बरामद की जा सके।
शिकायत और ई-एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस स्टेशन में 3 सितंबर को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने शिकायत में बताया था कि उनका एक बैग चोरी हो गया है जिसमें दो लाख रुपये नकद, तीन चांदी की अंगूठियां, आधार कार्ड, राशन कार्ड, अन्य दस्तावेज और कपड़े रखे थे। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने ई-एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध चोरी हुआ बैग ले जाते हुए दिखाई दिया जिसकी पहचान 33 वर्षीय अश्विनी कुमार के रूप में हुई। सीसीटीवी सबूत और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने उसके साथी 36 वर्षीय दिलीप राठौर की भी पहचान कर ली। दोनों आरोपियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी और पुराना आपराधिक इतिहास
आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस ने अश्विनी कुमार के पास से 88,000 रुपये और दिलीप राठौर के पास से 63,500 रुपये बरामद किए। पुलिस ने कुल 1,51,500 रुपये जब्त किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अश्विनी कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट और चोरी के आठ मामले दर्ज हैं। रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता लगातार सीसीटीवी विश्लेषण और पुलिस टीम की कड़ी मेहनत से मिली है। बाकी बचे हुए पैसे, चांदी की अंगूठियां और अन्य चोरी हुए दस्तावेजों को बरामद करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।