चंद्रवल में 598 करोड़ का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार, 22 लाख दिल्लीवालों को मिलेगी राहत
दिल्ली जल बोर्ड ने चंद्रवल में 598 करोड़ की लागत से नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया है, जिससे 22 लाख लोगों को फायदा होगा।

दिल्ली के करोड़ों लोगों के लिए पानी की किल्लत और सप्लाई में आने वाली रुकावटों से अब निजात मिलने वाली है। दिल्ली जल बोर्ड ने चंद्रवल इलाके में एक अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का काम पूरा कर लिया है। करीब 598 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार यह प्लांट राजधानी के वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस नए प्लांट की क्षमता 105 मिलियन गैलन प्रतिदिन (MGD) है, जो शहर के घने इलाकों में पानी की सप्लाई को सुधारेगा।
यह नया प्लांट पुराने हो चुके चंद्रवल-I और चंद्रवल-II ट्रीटमेंट प्लांट की जगह लेगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से दिल्ली के पांच प्रमुख इलाकों—सदर बाजार, बल्लीमारन, चांदनी चौक, माटिया महल और करोल बाग में रहने वाले लगभग 22 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा। इन इलाकों में अक्सर पानी की सप्लाई को लेकर शिकायतें रहती थीं, जिन्हें अब इस आधुनिक तकनीक के जरिए दूर किया जा सकेगा।
अमोनिया की समस्या का होगा समाधान
दिल्ली में पानी की सप्लाई अक्सर इसलिए बाधित हो जाती है क्योंकि कच्चे पानी में अमोनिया का स्तर बढ़ जाता है। इस नई मशीनरी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कच्चे पानी में 4 पीपीएम (PPM) तक के अमोनिया स्तर को प्रोसेस करने में सक्षम है। इसका मतलब यह है कि अब अमोनिया बढ़ने पर सप्लाई बंद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और लोगों को नियमित रूप से साफ पानी मिलता रहेगा।
बता दें कि इस प्रोजेक्ट का इंतजार काफी लंबे समय से किया जा रहा था। पिछले कुछ समय में टेंडर रद्द होने और कई तकनीकी जटिलताओं के कारण इस काम में देरी हुई, जिसकी वजह से इसकी कुल लागत भी बढ़ गई। हालांकि, अब प्लांट पूरी तरह तैयार है और अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पानी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।