ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन में न्यूरल डिफेंड का दुनिया में डंका, टॉप रैंकिंग हासिल की
न्यूरल डिफेंड के मॉडल्स ने ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन में दुनिया में टॉप रैंकिंग हासिल की है। जानें कैसे ये AI तकनीक धोखाधड़ी रोक रही है।

आज के दौर में जब AI की मदद से आवाज बदलना और फर्जी ऑडियो बनाना बेहद आसान हो गया है, तब ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन की तकनीक एक सुरक्षा कवच की तरह काम कर रही है। इसी दिशा में न्यूरल डिफेंड (Neural Defend) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वॉइस-AI मूल्यांकन फर्म 'पोडोनास' (Podonos) द्वारा किए गए एक स्वतंत्र बेंचमार्क टेस्ट में न्यूरल डिफेंड के मॉडल्स ने दुनिया भर में टॉप दो स्थान हासिल किए हैं।
इस मूल्यांकन में कुल 28 डिटेक्शन सिस्टम्स ने हिस्सा लिया था, जिसमें न्यूरल डिफेंड के Arcas 290M मॉडल ने पहला और Arcas 90M मॉडल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ये दोनों मॉडल्स अपनी सटीकता के मामले में बेजोड़ साबित हुए हैं।
99.93% सटीकता के साथ पकड़े गए फर्जी ऑडियो
पोडोनास द्वारा आयोजित इस ब्लाइंड टेस्टिंग में 4,524 ऑडियो क्लिप्स का उपयोग किया गया, जिन्हें लगभग 25 अलग-अलग टेक्स्ट-टू-स्पीच और वॉइस क्लोनिंग टूल्स के जरिए बनाया गया था। इस कठिन परीक्षा में न्यूरल डिफेंड के दोनों मॉडल्स ने 99.93% की शानदार सटीकता दर दिखाई।
तकनीकी आंकड़ों पर नजर डालें तो इन मॉडल्स ने केवल तीन गलतियां कीं। इनका फॉल्स-पॉजिटिव रेट महज 0.1% रहा, जबकि फॉल्स-नेगेटिव रेट 0.0% दर्ज किया गया, जिसका मतलब है कि ये सिस्टम असली और नकली आवाज के बीच फर्क करने में बेहद सटीक हैं।
- Arcas 90M: यह मॉडल महज 89 मिलीसेकंड में ऑडियो क्लिप को प्रोसेस कर लेता है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट के मोबाइल डिवाइस पर लोकल तौर पर काम कर सकता है।
- Arcas 290M: यह मॉडल 118 मिलीसेकंड में प्रोसेसिंग पूरी करता है और सटीकता के मामले में दुनिया में नंबर वन है।
इस ग्लोबल रैंकिंग में न्यूरल डिफेंड ने पिन्ड्रोप (Pindrop), हाइव (Hive) और रियलिटी डिफेंडर (Reality Defender) जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया है, जो क्रमशः 13वें, 17वें और 18वें स्थान पर रहे। यह तकनीक उन क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी जहां हाई-सिक्योरिटी आइडेंटिटी वेरिफिकेशन, डिजिटल ऑनबोर्डिंग और धोखाधड़ी रोकने की सख्त जरूरत होती है।