नेताजी सुभाष मार्ग बनेगा हेरिटेज-मॉडर्न कॉरिडोर, दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक बदलेगी सूरत
दिल्ली सरकार नेताजी सुभाष मार्ग को दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक एक आधुनिक हेरिटेज कॉरिडोर में बदलने जा रही है। जानें पूरी योजना।

दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान और सबसे व्यस्त सड़कों में से एक, नेताजी सुभाष मार्ग को अब एक नए और आधुनिक रूप में देखा जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस मार्ग को एक 'हेरिटेज-मॉडर्न ट्रांजिट कॉरिडोर' के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक के लगभग 3.3 किलोमीटर के हिस्से को अधिक व्यवस्थित, सुंदर और सुरक्षित बनाना है।
इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रिडेवलपमेंट कॉरपोरेशन (IVPN) द्वारा संचालित इस प्रोजेक्ट के जरिए सड़क के किनारे मौजूद ऐतिहासिक स्मारकों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को एक सूत्र में पिरोया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, सरकार की विजन यह है कि यह मार्ग केवल आने-जाने का रास्ता न रहे, बल्कि दिल्ली के इतिहास, वास्तुकला और संस्कृति को आधुनिक शहरी जीवन से जोड़ने वाला एक जीवंत सेतु बने।
तीन हिस्सों में बंटेगा सौंदर्यीकरण का काम
सड़क की चौड़ाई और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए इस पूरे कॉरिडोर को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। पहला हिस्सा कश्मीरी गेट से जीपीओ चौक तक का है, जो सबसे व्यस्त क्षेत्र है और इसकी चौड़ाई 12 से 24 मीटर के बीच है। दूसरा हिस्सा जीपीओ से बृज मोहन चौक (जामा मस्जिद की ओर जाने वाला चौराहा) तक है, जिसकी औसत चौड़ाई 45 मीटर है। तीसरा हिस्सा बृज मोहन चौक से दिल्ली गेट चौराहे तक का है, जहां चौड़ाई 16.8 से 26 मीटर के बीच है।
इस योजना में केवल गाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वालों और साइकिल चलाने वालों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। सड़क पर फुटपाथ, समर्पित बस लेन, साइकिल ट्रैक और पार्किंग सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होगा और बस स्टॉप्स को अपग्रेड किया जाएगा। यह पूरा डिजाइन PWD के स्ट्रीटस्केप प्रोजेक्ट के दिशा-निर्देशों पर आधारित है।
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत ऐतिहासिक स्थलों का एकीकरण है। लाल किला, जामा मस्जिद, सेंट जेम्स चर्च, सुनहरी मस्जिद और हिंदी पार्क जैसे प्रमुख स्थलों को इस कॉरिडोर का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके अलावा, दिल्ली गेट के पास एक 'हेरिटेज इंटरप्रिटेशन पार्क' विकसित करने का प्रस्ताव है, जिसमें मूर्तियां, आकर्षक मंडप और हरियाली होगी। पूरे मार्ग पर सजावटी दीवारों, स्ट्रीट लाइट्स और बैठने की व्यवस्था के साथ हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे और फूलों की क्यारियां लगाई जाएंगी, ताकि दिल्ली का यह ऐतिहासिक हिस्सा दुनिया भर के पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बन सके।