वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटीं नीलम और तनु, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटीं नीलम सिरोही और तनु शर्मा का दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ।

देश की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराया है। 2026 सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली पहलवान नीलम सिरोही और तनु शर्मा रविवार को जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचीं, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। दोनों पहलवानों के चेहरे पर जीत की खुशी और देश के लिए पदक जीतने का गर्व साफ झलक रहा था।
नीलम सिरोही ने महिलाओं की 50 किग्रा श्रेणी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए नीलम ने बताया कि वह शब्दों में बयां नहीं कर सकतीं कि वह कितनी खुश हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फाइनल मुकाबले में कंधे की हल्की चोट की वजह से वह अपना शत-प्रतिशत नहीं दे पाईं, लेकिन वह भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फाइनल में उनका सामना जापान की पूर्व ओलंपिक चैंपियन यूई सुसाकी से हुआ था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। नीलम ने अपने सफर की शुरुआत बेलारूस की नताालिया वराकिना को 6-0 से हराकर की थी और सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की जेनेप बायनोवा को 7-3 से मात दी थी।
ओलंपिक क्वालिफायर अब अगला लक्ष्य
अपनी अगली रणनीति साझा करते हुए नीलम ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान ओलंपिक क्वालिफायर पर केंद्रित है। जब उनसे यह पूछा गया कि इस चैंपियनशिप में भारत के चारों पदक केवल महिला पहलवानों ने जीते हैं, तो उन्होंने इसे जेंडर के अंतर से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारतीय पुरुष पहलवान भी इसी तरह के पदक जीतेंगे।
वहीं, तनु शर्मा ने महिलाओं की 72 किग्रा श्रेणी में कांस्य पदक (ब्रोंज मेडल) जीतकर देश का मान बढ़ाया। तनु ने पदक मुकाबले में अमेरिका की मौजूदा पैन अमेरिकन चैंपियन प्रेशियस बेल को 9-5 से हराया। अपनी जीत को भावुक क्षण बताते हुए तनु ने कहा कि यह पदक सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे देश का है। उन्होंने मैच के बारे में बताया कि शुरुआत में वह 3-0 से आगे थीं, लेकिन बीच में डिफेंसिव होने की वजह से विरोधी खिलाड़ी को दो अंक मिल गए। इसके बाद उन्होंने फिर से आक्रामक रुख अपनाया और जीत हासिल की।
गौरतलब है कि 2026 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय महिला दल ने कुल चार पदक जीते। इसमें मनीषा भनवाला ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि काजल धोचक और नीलम सिरोही ने सिल्वर और तनु शर्मा ने ब्रोंज मेडल हासिल किया।