NCRTC ने नमो भारत के NCMC यूजर्स के लिए लॉन्च किया ट्रिप पास, सफर होगा आसान

नई दिल्ली। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने NCMC यूजर्स के लिए नमो भारत ट्रेन में ट्रिप पास सुविधा की शुरुआत की है। यह सुविधा उन नियमित यात्रियों के लिए है जो रोजाना एक तय स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक सफर करते हैं। इस कदम से यात्रियों का समय बचेगा और बार-बार टिकट खरीदने या कार्ड रिचार्ज करने की झंझट से राहत मिलेगी।
नियमित यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
वर्तमान में नमो भारत ट्रेन में रोजाना 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो रोजाना एक निश्चित पॉइंट A और पॉइंट B के बीच यात्रा करते हैं। ट्रिप पास की मदद से यात्री पहले से ही कई यात्राओं के लिए पास खरीद सकते हैं। उदाहरण के लिए, सराय काले खां से मोदीपुरम का सफर स्टैंडर्ड कोच में 210 रुपये और प्रीमियम कोच में 250 रुपये का है। NCMC कार्ड वॉलेट की सीमा 2,000 रुपये है, जो रोजाना यात्रा करने वालों का कुछ ही दिनों में खत्म हो जाता है। अब इस पास के जरिए यात्री एडवांस में भुगतान कर सकेंगे।
कैसे काम करेगा यह ट्रिप पास
ट्रिप पास एनसीएमसी कार्ड पर लोड होने के बाद, तय स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर अपने आप ट्रिप कट जाती है। यह पास केवल उन्हीं चुने हुए स्टेशनों के लिए वैध होगा जिनके लिए इसे खरीदा गया है। यदि कोई यात्री अलग स्टेशनों के बीच यात्रा करता है, तो एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से सामान्य किराया काटा जाएगा। यात्री अपनी यात्रा की आवृत्ति के आधार पर 1 से 40 ट्रिप तक के विकल्प चुन सकते हैं। यह सुविधा स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों कोच के लिए उपलब्ध है।