सोनीपत में संपन्न हुई 12वीं एनसीआर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, विधायक देवेंद्र कादियान ने विजेताओं को किया सम्मानित

Kittu Kumari24 August 20261 min read57 viewsNCR
सोनीपत में संपन्न हुई 12वीं एनसीआर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, विधायक देवेंद्र कादियान ने विजेताओं को किया सम्मानित

सोनीपत के गन्नौर शहर के नगरपालिका स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 12वीं एनसीआर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का सोमवार को समापन हो गया है। स्कूल गेम्स डेवलपमेंट फाउंडेशन, हरियाणा की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में सोनीपत, गन्नौर, भिवानी, गुरुग्राम, करनाल, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पानीपत, कुरुक्षेत्र और अंबाला सहित विभिन्न जिलों के 150 लड़के-लड़कियों ने हिस्सा लिया। मुकाबलों में एक-एक अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और दमदार पंच तथा फुर्तीले मूवमेंट पर दर्शकों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में मुख्यातिथि विधायक देवेंद्र कादियान ने शिरकत की। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों से जोड़ना जरूरी है क्योंकि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना सिखाते हैं। मैदान में सक्रिय रहने वाला युवा नशे और गलत संगत से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकता है। ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और जरूरत उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं देने की है।

इससे पहले संस्था के जनरल सेक्रेटरी रामप्रकाश ने विधायक का फूलमाला से स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सचिन, मनोज, हिमांशु, सुबेसिंह, सचिन डांगी, अंकित, सोनू, प्रवीण और मनोज शामिल रहे

विभिन्न वर्गों के मुकाबलों में कई खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए। इशांत-रजत, रुद्र-स्वर्ण, अंशी-स्वर्ण, पंकज-कांस्य, वीर-स्वर्ण, प्रवेश-स्वर्ण, रिंकी-कांस्य, रिया-स्वर्ण, भावना-रजत, लक्ष्य-कांस्य, पुष्पेंद्र-स्वर्ण, गुरदीप-रजत, खुशी-स्वर्ण, सिया-स्वर्ण और वंश-स्वर्ण समेत अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीते

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment