शिक्षकों को आधुनिक बनाने की तैयारी: दिल्ली में NCERT ने आयोजित किया पांच दिवसीय 'निष्ठा' ट्रेनिंग प्रोग्राम
NCERT ने दिल्ली में शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय 'रीइमैजिन्ड निष्ठा' प्रोग्राम आयोजित किया, ताकि NEP 2020 को क्लासरूम तक पहुंचाया जा सके।

नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत स्कूलों में पढ़ाई के तरीके को बदलने के लिए NCERT ने एक बड़ी पहल की है। नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने दिल्ली के SCERT के साथ मिलकर 'रीइमैजिन्ड निष्ठा' (Reimagined NISHTHA) के तहत पांच दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह प्रोग्राम दिल्ली के लाजपत नगर स्थित शहीद हेमू कलानी सर्वोदय बाल विद्यालय में 2 से 6 नवंबर तक चला, जिसमें दिल्ली के 100 से ज्यादा रिसोर्स पर्सन्स ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुनियादी (Foundational), प्रारंभिक (Preparatory) और मध्य (Middle) स्तर की स्कूली शिक्षा को मजबूत करना है। ट्रेनिंग लेने वाले ये रिसोर्स पर्सन्स अब स्टेट रिसोर्स ग्रुप (SRG) के सदस्य बनेंगे और आगे चलकर अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सिर्फ ट्रेनिंग नहीं, क्लासरूम में बदलाव लाना जरूरी: दिनेश प्रसाद सकलानी
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए NCERT के डायरेक्टर दिनेश प्रसाद सकलानी ने इस बात पर जोर दिया कि ट्रेनिंग केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका असर हर स्कूल और हर छात्र तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि NEP 2020 के तहत तैयार की गई नई पाठ्यपुस्तकों का सही क्रियान्वयन तभी संभव है, जब शिक्षक सक्षम और पूरी तरह प्रशिक्षित हों। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि 'निष्ठा' कार्यक्रम को पूरे देश में व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।
इस मौके पर SCERT दिल्ली के डायरेक्टर जतिन गोयल ने भी शिक्षकों के निरंतर पेशेवर विकास की आवश्यकता बताई। वहीं, निष्ठा प्रोग्राम की नेशनल कोऑर्डिनेटर रंजना अरोड़ा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नीतियों और करिकुलम फ्रेमवर्क को क्लासरूम की टीचिंग-लर्निंग प्रोसेस में नहीं उतारा जाएगा, तब तक शिक्षा में वास्तविक बदलाव नहीं आएगा।
ट्रेनिंग के दौरान इन खास विषयों पर चर्चा हुई:
- NEP 2020 और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (NCF) की समझ।
- डिजिटल शिक्षा और खेल-आधारित शिक्षा (Play-based learning)।
- 'जादुई पिटारा' और समावेशी शिक्षा (Inclusive Education)।
- छात्रों की भलाई (Student Well-being) और स्कूल लीडरशिप।
- होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) और मूल्यांकन प्रक्रिया।
पूरे पांच दिनों के दौरान लगभग 18 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें ग्रुप एक्टिविटी, इंटरैक्टिव प्रेजेंटेशन और क्लासरूम एक्शन प्लान तैयार करने जैसी गतिविधियां शामिल रहीं, ताकि शिक्षक व्यावहारिक रूप से नई शिक्षा पद्धति को अपना सकें।