ग्रेटर नोएडा में NCB की बड़ी कार्रवाई, दो गुप्त ड्रग लैब का भंडाफोड़

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट्स के खिलाफ एक बड़ा प्रहार करते हुए उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दो गुप्त ड्रग प्रयोगशालाओं (लैब्स) का पर्दाफाश किया है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस सटीक ऑपरेशन में भारी मात्रा में उच्च श्रेणी के सिंथेटिक ड्रग्स, रसायनों और ड्रग्स बनाने के आधुनिक उपकरणों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान एक विदेशी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है ताकि ड्रग्स की सप्लाई चेन और वितरण नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
नशामुक्त भारत मिशन की दिशा में बड़ा कदम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने इस बड़ी सफलता की सराहना करते हुए इसे इंटेलिजेंस-आधारित प्रवर्तन का एक बेहतरीन उदाहरण बताया है। गृह मंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया कि यह सफलता ड्रग कार्टेल्स को ध्वस्त करने और उनकी सप्लाई चेन को पूरी तरह काटने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशामुक्त भारत' मिशन और 'नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029' के अनुरूप है। इस विजन डॉक्यूमेंट का लक्ष्य दिसंबर 2029 तक अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ड्रग सिंडिकेट्स को पूरी तरह खत्म करना है। गृह मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि ड्रग तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति है। देश की युवा पीढ़ी को सिंथेटिक नशीले पदार्थों के खतरे से बचाने के लिए सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियां लगातार समन्वित अभियान चला रही हैं।