ग्रेटर नोएडा में NCB का बड़ा एक्शन, 2 ड्रग लैब ध्वस्त; अमित शाह ने की सराहना

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ग्रेटर नोएडा में चल रही दो गुप्त ड्रग लैब का भंडाफोड़ किया है। इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NCB की टीम की जमकर तारीफ की है। यह पूरा ऑपरेशन इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर चलाया गया, जिसमें नशीले पदार्थों के निर्माण के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
यह छापेमारी गौतम बुद्ध नगर के गांव जहानाबाद कदलपुर में शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने मौके से लगभग 379.740 किलोग्राम एम्फेटामाइन युक्त सामग्री बरामद की है। अधिकारियों का अनुमान है कि इस सामग्री से करीब 56 किलोग्राम क्रिस्टलाइन एम्फेटामाइन तैयार किया जा सकता था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 45 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ड्रग्स के अलावा, टीम ने लैब से कई खतरनाक केमिकल और ड्रग्स बनाने वाले आधुनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार, विदेशी नागरिक भी शामिल
इस मामले में NCB ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में डेस्टिनी अब्राहम डम्बिरी नाम का एक विदेशी नागरिक शामिल है, जो जनवरी 2020 में फ्रांसिस कालोकोह के नाम से टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वहीं, दूसरा आरोपी मिजोरम की रहने वाली लल्लामजुली (उर्फ ओलिविया लालचविमवी) है, जिसकी पहले गोवा में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) द्वारा जांच की जा चुकी है। एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस ड्रग सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन को प्रोएक्टिव एनफोर्समेंट का एक बेहतरीन उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता 'नशामुक्त भारत' मिशन और नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के लक्ष्यों के अनुरूप है। सरकार का संकल्प है कि दिसंबर 2029 तक देश से ड्रग कार्टेल्स का पूरी तरह सफाया कर दिया जाए। गृह मंत्री के कार्यालय के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय ड्रग सप्लाई चेन को तोड़ने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।