एमिटी विश्वविद्यालय में हुई 'नयनतारा' लीडरशिप असेंबली, एक हजार छात्रों ने सीखे नेतृत्व के गुर

नोएडा के एमिटी विश्वविद्यालय में रोटरी डिस्ट्रिक्ट-3012 की ओर से डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट लीडरशिप असेंबली ‘नयनतारा’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयी छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें समाज एवं देश के विकास में योगदान के लिए प्रेरित करना था। इस कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के 69 से अधिक विद्यालयों के एक हजार से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज प्रदान किए। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता, स्वाती गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट लीडरशिप एसेंबली चेयर रोटेरियन अजय चौहान, मल्लिका चौहान, डिस्ट्रिक्ट इंटरैक्ट चेयर डॉ. मोहिता शर्मा, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्टेड रवी बाली और पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमिता महेंदुर ने नवनिर्वाचित डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट रिप्रेजेंटेटिव आद्या भारद्वाज और डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट सचिव पूर्वी सिंह सहित जोन प्रतिनिधियों को बैज प्रदान किए।
युवाओं के नेतृत्व और शिक्षा पर जोर
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता ने कहा कि देश का सुनहरा भविष्य युवाओं की नेतृत्व क्षमता पर निर्भर करता है और युवाओं में बदलाव से समाज व विश्व में परिवर्तन संभव है। उन्होंने छात्रों से अपने कार्य पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने तथा सामाजिक कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट लीडरशिप एसेंबली चेयर अजय चौहान ने कहा कि रोटरी भावी पीढ़ी को समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार करने में सहयोग करता है।
नए प्रोजेक्ट्स और साइबर सुरक्षा की जानकारी
डिस्ट्रिक्ट इंटरैक्ट चेयर डॉ. मोहिता शर्मा ने बताया कि डीआईएलए-2026 इंटरैक्टर्स के लिए सीखने, नेतृत्व और सेवा के नए वर्ष की शुरुआत है और इस वर्ष कई नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट सेव चिल्ड्रन आई-विजन एंबेसडर’ के तहत 200 इंटरेक्टर्स को विजन एंबेसडर बनाए जाने की जानकारी दी, जो बच्चों की आंखों की जांच और नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम करेंगे। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्टेड रवी बाली ने युवाओं से बड़े सपने देखने और प्रौद्योगिकी का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट रक्षित टंडन ने छात्रों को साइबर सुरक्षा, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब गाजियाबाद आइडियल की अध्यक्ष स्वाती अग्रवाल, रोटेरियन सचिन वत्स और डिस्ट्रिक्ट इंटरेक्ट प्रोजेक्ट चेयर रचना सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।